दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के कोकेरनाग क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान सेना के एक मेजर, कर्नल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के उपाधीक्षक शहीद हो गए। दो जवान अभी भी लापता हैं। सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को हिरासत में लिया है। तलाशी अभियान जारी है।
तीनों शहीद के नाम : सेना पदक विजेता कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष और पुलिस उपप्रमुख हुमायूं भट हैं। तीनों मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए थे, बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
इस घटना की जिम्मेदारी लश्कर फ्रंट (TRF) ने ली है। कर्नल मनप्रीत मोहाली के भदौजिया गांव के मूल निवासी हैं और मेजर आशीष पानीपत के सेक्टर 7 के रहने वाले थे और डीएसपी हुमायूं पुलवामा जिले के त्राल रहने वाले थे।
- Advertisement -
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार रात कोकेरनाग के गद्दल जंगल में आतंकी समूहों की मौजूदगी के खुलासे के बाद सेना की 19 राष्ट्रीय राइफल्स (RR), जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की एक संयुक्त टीम ने गद्दल जंगल में तलाशी अभियान शुरू किया। रात में अभियान रोकने के बाद बुधवार सुबह आतंकियों की फिर से तलाश शुरू की गई।
इस दौरान दहशतगर्दी के एक ठिकाने पर मौजूद होने की सूचना मिली। 19 आरआर के सीओ कर्नल मनप्रीत ने टीम का नेतृत्व करते हुए आतंकियों पर हमला बोल दिया। आतंकियों की फायरिंग में कर्नल, मेजर और डीएसपी गंभीर घायल हो गए। तीनों को श्रीनगर स्थित सेना के अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उधर, आतंकियों का पता लगाने और घायल जवानों को निकालने के लिए सेना के तीन चीता हेलिकॉप्टरों को भी लगाया गया। हुमायूं भट श्रीनगर के जिला पुलिस लाइन में पूरे सम्मान के साथ आखरी विदाई दी गई। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुष्पांजलि अर्पित की।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, डीजीपी दिलबाग सिंह तथा डीएसपी के पिता सेवानिवृत्त आईजी गुलाम हसन भट तथा अन्य अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। देर रात हुमायूं को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
- Advertisement -
तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह को देखकर हुमायूं भट की पत्नी फातिमा बिलखती रहीं। परिवार के अन्य सदस्य भी बेहाल हो गए। जांबाज डीएसपी हुमायूं भट को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई। बुजुर्ग और जवान हर शख्स शहीद डीएसपी के जनाजे को कंधा देने के लिए पहुंचा।
- Advertisement -
शहीद डीएसपी हुमायूं भट्ट के परिवार में उनकी पत्नी और 29 दिन का बेटा है। डीएसपी हुमायूं भट का परिवार दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल का रहने वाले हैं। काफी समय से यहीं रह रहे हैं। करीब एक साल पहले शहीद डीएसपी हुमायूं भट की शादी हुई थी और उनका 29 दिन का एक बच्चा भी है। वो 2019 बैच के अधिकारी थे।
SOURCE : AMAR UJALA